मेरे बारे में

मेरी फ़ोटो
Nagaur, Rajasthan, India
नागौर जिले के छोटे से गांव भूण्डेल से अकेले ही चल पड़ा मंजिल की ओर। सफर में भले ही कोई हमसफर नहीं रहा लेकिन समय-समय पर पत्रकारिता जगत में बड़े-बुजुर्गों,जानकारों व शुभचिंतकों की दुआ व मार्गदर्शन मिलता रहा। उनके मार्गदर्शन में चलते हुए तंग,संकरी गलियों व उबड़-खाबड़ रास्तों में आने वाली हर बाधा को पार कर पहुंच गया गार्डन सिटी बेंगलूरु। पत्रकारिता में बीजेएमसी करने के बाद वहां से प्रकाशित एक हिन्दी दैनिक के साथ जुड़कर पत्रकारिता का क-क-ह-रा सीखा और वहां से पहुंच गए राजस्थान की सिरमौर राजस्थान पत्रिका में। वहां लगभग दो साल तक काम करने के बाद पत्रिका हुबली में साढ़े चार साल उप सम्पादक के रूप में जिम्मेदारी का निर्वहन करने के बाद अब नागौर में ....
दक्षिण पश्चिम रेलवे लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
दक्षिण पश्चिम रेलवे लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

जनवरी 15, 2011

एक रेल गाड़ी, पांच-पांच इंजन!

-घाट सेक्शन में आसान नहीं सफर
धर्मेन्द्र गौड़ @ हुबली

एक रेलगाड़ी और पांच-पांच इंजन...जी हां, राज्य के केसलरॉक से कुलेम स्टेशन के बीच यह नजारा आम है। २६ किलोमीटर इस रास्ते के दौरान गाड़ी जब घने जंगल से गुजरती है तो यात्री रोमांचित हुए बिना नहीं रहते। हरी-भरी पहाडिय़ों वाले इस मार्ग का नजारा जितना नयनाभिराम है, रेलवे के लिए यहां गाडिय़ों का संचालन उतना ही दुरूह है।
यहां हर डेढ़ किलोमीटर पर सुरंग है। गाड़ी १६ सुरंगों से होकर अत्यंत घुमावदार रास्ते से रफ्ता-रफ्ता गुजरती है तो यात्रियों की सांसे थम सी जाती है। बारिश में यहां भूस्खलन होता रहता है। इस मार्ग के तीन स्टेशनों कुलेम, करांजोल व सोनाउली में आज भी बिजली नहीं है और सड़क मार्ग से कटे हुए हैं। यहां गाड़ी चलाने की अधिकतम गति सीमा 40 किलोमीटर प्रतिघंटा है लेकिन एहतियातन इसे तीस किलोमीटर तक ही सीमित कर रखा जाता है। प्रकृति की गोद में बसे केसलरॉक से गोवा के वास्को स्टेशन तक मालगाड़ी के लिए पांच और सवारी गाड़ी में चार इंजन लगाने पड़ते हैं। रेलवे इसे घाट सेक्शन (ब्रगांजा घाट) कहता है। इससे 13 पेसेंजर व एक दर्जन मालगाडिय़ां रोज गुजरती हैं।

बेहतर तालमेल जरूरी
इस खतरनाक उतार-चढ़ाव व घुमावदार घाटी में पांच लोको पायलट के बीच सामंजस्य की कड़ी परीक्षा होती है। वे गाड़ी की गति को लेकर वॉकी-टॉकी के जरिए हर पल संपर्क में रहते हैं। साधारण रेलवे टे्रक पर चलने वाली एक गाड़ी के लिए ४ हजार अश्वशक्ति के इंजन की जरूरत रहती है जबकि इस सेक्शन में २० हजार अश्व शक्ति की जरूरत पड़ती है। रेलवे ने ढ़लान में गाड़ी पर नियंत्रण के लिए ३० किलोमीटर प्रतिघंटे की गति तय की है। यदि गाड़ी इससे तेज चलती है तो ऑटोमेटिक इमरजेंसी ब्रेक गाड़ी को वहीं जाम कर देते हैं। वास्को से केसल रॉक आते समय मालगाड़ी में आगे दो व पीछे तीन तथा सवारी गाड़ी में दो लीड व दो बैंकर इंजन लगते हैं।
तीव्र ढलान पर कठिन है नियंत्रण
केसल रॉक स्टेशन समुद्र तल से ५७९ मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। वास्को की ओर जाते समय घाट एरिया में ट्रेन 37 मीटर चलती है तो एक मीटर ढलान पर उतर जाती है। इसी प्रकार वास्को से केसल रॉक की ओर चढ़ाई करते समय गाड़ी जब ३७ मीटर चढ़ती है तो पटरी की ऊंचाई १ मीटर बढ़ जाती है। घाट सेक्शन में घुसने से पहले केसलरोक और वास्को में गाड़ी के पावर ब्रेक की जांच की जाती है। वह शत-प्रतिशत सही होने पर ही आगे ले जाने की अनुमति दी जाती है। इस जांच में माल गाडिय़ों को १ व सवारी गाड़ी को १५ मिनट अतिरिक्त समय लगता है।

घाट सेक्शन में जुड़ते हैं इंजन
हुबली जंक्शन से वास्को की ओर जाने वाली गाडिय़ां वाया लोंडा होकर चलती है। इन सभी गाडिय़ों में एक या मालगाड़ी में दो इंजन लगते हैं। इन गाडिय़ों को इस छोर से केसल रॉक पर रोक दिया जाता है और वहां पर मालगाडिय़ों में पांच व सवारी गाडिय़ों में चार इंजन लगाए जाते हैं। यहां से कुलेम तक पांच इंजन रहते हैं। कुलेम से वास्को तक फिर एक या दो इंजन जोड़ दिए जाते हैं। वापसी में वास्को से कुलेम तक एक इंजन व कुलेम से चार या पांच इंजन जोड़कर गाडिय़ों को केसल रॉक तक लाया जाता है। जहां फिर इनमें एक या दो इंजन ही गाड़ी को आगे लेकर जाते हैं।
सौर ऊर्जा से रोशन घाट
वास्को से ५८ किलोमीटर पर स्थित कुलेम से केसल रॉक के बीच दूधसागर, सोनालियम व कारजोल तीन ऐसे स्टेशन हैं जो घाट सेक्शन के २६ किलोमीटर के दायरे में आते हैं। ये सभी स्टेशन सड़क सम्पर्क से जुड़े हुए नहीं है साथ ही यहां विद्युत आपूर्ति नहीं होने के चलते पूरा कार्य जनरेटर पर निर्भर है। रेलवे ने जनरेटर पर होने वाले खर्च को कम करने की कवायद के तहत यहां सौर उर्जा का उपयोग कर रहा है। इन तीनों स्टेशनों व वहां तैनात कर्मचारियों की लाइट की सारी आवश्यकताएं जनरेटर या फिर सौर उर्जा से ही पूरी होती है।

- राजस्थान पत्रिका हुबली १५ जनवरी में प्रकाशित

दिसंबर 28, 2010

प्री पेड ऑटो सेवा का इंतजार

-सूना पड़ा रेलवे स्टेशन पर केबिन
-यात्री परेशान

हुबली. हुबली रेलवे स्टेशन पर प्री-पेड ऑटो रिक्शा सुविधा बंद होने के चलते यात्रियों को शहर में गंतव्य तक जाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। हुबली रेलवे स्टेशन पर शुरू की गई प्री पेड ऑटो रिक्शा सुविधा लगभग एक साल से बंद है। इसका खामियाजा यात्रियों को अधिक किराया चुकाकर भुगतना पड़ रहा है।
हुबली से आसपास के शहरों में नौकरी के सिलसिले में जाने वाले लोग देर तक हुबली पहुंचते हैं और वे जल्दी घर पहुंचने के लिए बस के बजाय ऑटो से जाना ठीक समझते हैं लेकिन प्रीपेड ऑटो नहीं होने के कारण उनको ज्यादा पैसे देने पड़ते हैं। बाहर से आने वाले यात्रियों को स्थानीय नगरीय परिवहन बस सेवा के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं होती। ऐसे में वे ऑटो रिक्शा से ही गंतव्य तक जाना उचित समझते हैं।

लेते हैं मुंह मांगा किराया
रेलवे स्टेशन पर आरक्षण काउंटर के आगे प्री पेड ऑटो रिक्शा के लिए जगह निर्धारित कर एक केबिन का निर्माण कराया गया था। इस केबिन में विद्युत कनेक्शन भी है। जो अब उपयोग में नहीं लिया जा रहा है। केबिन खुला ही पड़ा रहता है और इसमें कागज, लकडिय़ां व अन्य फालतू सामान बिखरा पड़ा है। रेल से यात्रा कर हुबली आने वाले यात्रियों को शहर में दूर दराज के इलाकों में जाने के लिए ऑटो में ही जाना पड़ता है। ऐसे में उनको स्टेशन के सामने खड़े ऑटो की सेवाएं लेनी पड़ती है। ये ऑटो चालक मुंह मांगी कीमत मांगते हैं ऐसे में कई बार उनको न चाहते हुए भी अधिक किराये का भुगतान कर घर तक पहुंचना पड़ता है।

प्री पेड ऑटो सुविधा जरुरी
स्टेशन पर प्रीपेड ऑटो सुविधा नहीं होने के कारण वे हुबली पहुंचते ही स्टेशन पर हर रोज अपने घर से किसी को बुलाती हैं। बाहर वाले ऑटो के साथ रात के समय अकेले जाना खतरे से खाली नहीं होता। कभी कभार ऑटो चालक अपने दोस्तों को भी साथ में बिठा लेता है। ऐसे में अकेली महिलाएं ऑटो में जाने से परहेज करतीं है। परंतु प्री पेड ऑटो के साथ यह दिक्कत नहीं है क्योंकि उस ऑटो का रिर्कार्ड ऑटो बूथ पर रहता है। अगर कभी कुछ हादसा हो जाए तो उसकी शिकायत आसानी से की जा सकती है। इसलिए स्टेशन पर बूथ होनी चाहिए। -सुमन रेवणकर, महिला कर्मचारी

ऑटो चालकों के हित में नहीं
प्री पेड ऑटो सेवा से हमको नुकसान होता है। किराये को लेकर रोज ग्राहकों व प्री पेड बूथ वालों के साथ झगड़ा होता था। बूथ वाले बिना सोचे समझे कम किराये में भी शहर में कहीं भी जाने के लिए बोले देते थे। उनको पास पूरे शहर का श्रेणी वार विभाजन कर किराये की दर तय करनी चाहिए। लेकिन वे ग्राहक के कहने पर उस एरिया की रसीद दे देते थे लेकिन कई क्षेत्र काफी लम्बे चौड़े क्षेत्र में होने से हमको वहां तक जाना महंगा पड़ता था। ऐसे में हम घाटा खाकर वहां क्यों जाए। इसके अलावा लगेज को लेकर भी ग्राहकों से तू-तू मैं-मैं हो जाती थी। यह बूथ साल भर से बंद है। -ऑटो चालक

राजस्थान पत्रिका,हुबली संस्करण में २९ दिसम्बर २०१० को प्रकाशित

जुलाई 09, 2010

चतुर्वेदी ने किया एमडीटीसी का उद्घाटन

-सी व डी ग्रुप कर्मचारियों को देगा प्रशिक्षण
हुबली। दक्षिण पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक कुलदीप चतुर्वेदी ने धारवाड़ में दपरे के नवनिर्मित बहुउद्देश्यीय प्रशिक्षण केंद्र एमडीटीसी का उद्घाटन पट्टिका का अनावरण कर किया। हुबली मंडल रेल प्रबंधक आदेश शर्मा, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर डी.के. शेरॉफ, मुख्य विद्युत अभियंता वी.के.टेम्पे, मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता एस लक्ष्मी नारायण,मुख्य सुरक्षा आयुक्त एस.सी.सिन्हा, मुख्य ट्रैक इंजीनियर वी.के. अग्रवाल,उप मुख्य कार्मिक अधिकारी सुनील कुमार ज्योति और वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय), हुबली के विपिन कुमार उपस्थित थे। इस नव बहु उद्देश्यीय प्रशिक्षण केन्द्र को मंडल समन्वित ट्रेनिंग स्कूल के रूप में भी जाना जाएगा। धारवाड़ में स्थित रेलवे की 23 एकड़ जमीन पर 3 करोड़ की लागत से बनाए गए इस दो मंजिला केन्द्र में ग्रुप सी और डी कर्मचारियों (तकनीकी) को इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूर संचार, मैकेनिकल(कैरिज एण्ड वैगन),आवागमन और वाणिज्यिक, इलेक्ट्रिकल शाखाओं आदि पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। कैरिज एवं वैगन कक्ष में विभिन्न मॉडल,उपकरण, पहिया दोष, गेज और पहिया दोषों की व्याख्या, यात्री आपातकालीन अलार्म प्रणाली के मॉडल आदि के बारे में प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध है।

कुलदीप चतुर्वेदी ने दपरे के सभी अधिकारियों के साथ कमरा, मॉडल कक्ष, छात्रावास और सभागार हॉल का निरीक्षण किया। चतुर्वेदी ने एक विशाल क्षेत्र में गु्रप सी और डी कर्मचारियों के लिए इस तरह के एक सुंदर नए प्रशिक्षण केन्द्र का निर्माण करने पर दक्षिण पश्चिम रेलवे के इंजीनियरिंग के अधिकारियों की टीम को बधाई दी। महाप्रबंधक के सचिव एस.के गुप्ता,उप मुख्य कार्मिक अधिकारी सुनील कुमार ज्योति,वरिष्ठमंडल इंजीनियर (समन्वय) विपिन कुमार,मंडल अभियंता (केन्द्रीय) रविकांत,वरिष्ठ मंडलकार्मिक अधिकारी तिमोती टी.गोन्मई,वरिष्ठ मंडल मैकेनिकल इंजीनियर (सी एंड डब्ल्यू) उमेश कुमार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (विद्युत)इन्द्रजीत, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विनायक वी नायक, मंडल वरिष्ठ परिचालन अधिकारी अनिल कुमार,वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्रीमती अमृता दर्पण जैन,वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव,सीनियर डिवीजनल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर भोलेन्द्र सिंह, मंडल सुरक्षा अधिकारी ए.एन.मुत्तालिक, मंडल सिग्नल एवं टेलीकॉम इंजीनियर घनश्याम वर्मा, सहायक मंडल मैकेनिकल इंजीनियर शान्वी, सहायक सुरक्षा आयुक्त आर सुन्दरराज और अन्य अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

जून 15, 2010

हुबली-मिरज लिंक एक्सप्रेस पटरी से उतरी

जान-माल की क्षति नहीं,राहत व बचाव कार्य जारी
मडंल रेल प्रबंधक आदेश शर्मा ने किया दौरा

हुबली
मिरज हुबली लिंक एक्सप्रेस गाड़ी संख्या १०४७ के इंजिन समेत चार डिब्बे पटरी से उतर जाने के चलते दक्षिण पश्चिम रेलवे के लौंडा-हुबली खंड के बीच नागरल्ली-तावरघट्टी स्टेशन के बीच रेल यातायात बाधित रहा। हादसे के चलते दपरे ने कुछ गाडिय़ां रद्द कर दी है जबकि कुछ गाडिय़ों को बदले मार्ग से चलाया गया है। दपरे की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार तड़के लगभग ५ बजे मिरज हुबली लिंक एक्सप्रेस के कुल चौदह डिब्बों में से तीन जनरल सैकेण्ड क्लास व एक सैकेण्ड क्लास कम लगैज व ब्रेक वैन पटरी से उतर गए। हालांकि इसमें किसी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही हुबली मंडल प्रबंधक आदेश शर्मा ने रेलवे अधिकारी, डाक्टर व पैरा मेडीकल टीम सहित चिकित्सा राहत यान (एमआरवी) और ब्रेक डाउन के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों के दिशा निर्देश में पटरी को दुरस्त करने व डिब्बों को सही करने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। इसके अलावा केसल रॉक से एक ओर एमआरवी दुर्घटना स्थल पर भेजी गई है।
क्षतिग्रस्त फिशप्लेट दुर्घटना का कारण
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त लोको व पटरी का मुआयना करने के बाद बताया कि किलोमीटर संख्या ५३७/०५० के पास फिशप्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई है। जॉग्गल्ड फिशप्लेट नामक इस विदेशी मैटेरियल के क्षतिग्रस्त होने के कारण अचानक बै्रक लगाने के चलते लोको का अगला पहिया पटरी से उतर जाने से अन्य डिब्बे भी उतर गए।
बसों में भेजे यात्री
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त डिब्बे के यात्रियों सहित सवारियों को इसी गाड़ी के छह अन्य डिब्बों में वापस लोंडा लाया गया। जहां यात्रियों को पेयजल व नाश्ते की व्यवस्था कर हुबली पहुंचाने के लिए ७ बसों की व्यवस्था की गई। इसके अलावा रेलवे अधिकारियों ने गाड़ी संख्या ६५८९ बेंगलूरु-कोल्हापुर रानी चेन्नम्मा एक्सप्रेस व ७४१५ तिरुपति हैदराबाद कोल्हापुर हरिप्रिया एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए १२ अतिरिक्त बसों की व्यवस्था कर उनको गंतव्य की ओर रवाना किया। दपरे प्रशासन ने लौंडा से हुबली के लिए ४२२,धारवाड़ से कोल्हापुर के लिए ११४,धारवाड़ से मिरज १६२ व धारवाड़ से बेलगाम के लिए ४८ यात्रियों को भेजने के लिए बसों की व्यवस्था की। कोल्हापुर की ओर जा रही ७४१५ तिरुपति हैदराबाद कोल्हापुर हरिप्रिया एक्सप्रेस को हुबली/धारवाड़ में रोककर हुबली से कोल्हापुर के बीच इसे रद्द कर दिया है। वापसी में इन्हीं बसों में गाड़ी संख्या ६५८९ बेंगलूरु-कोल्हापुर रानी चेन्नम्मा एक्सप्रेस व ७४१५ तिरुपति हैदराबाद कोल्हापुर हरिप्रिया एक्सप्रेस के यात्रियों को हुबली तक लाए जाने की व्यवस्था की गई है।
ये गाडिय़ां हुई प्रभावित
१.गाड़ी संख्या ६५८९ बेंगलूरु-कोल्हापुर रानी चेन्नम्मा धारवाड़ में रद्द।
२.गाड़ी संख्या ६५९० कोल्हापुर-बेंगलूरु रानी चेन्नम्मा कोल्हापुर धारवाड़ के बीच रद्द।
३.गाड़ी संख्या७४१५ तिरुपति हैदराबाद कोल्हापुर हरिप्रिया एक्सप्रेस हुबली-कोल्हापुर के मध्य रद्द। यह गाड़ी गाड़ी संख्या १०४८ हुबली-मिरज लिंक एक्सप्रेस के रूप में चलाई गई।
४.वास्को-बेंगलूरु २७७९/६५९०वास्को निजामुद्दीन /कोल्हापुर -बेंगलूरु रानी चेन्नम्मा एक्सप्रेस व वास्को डि गामा की ओर जाने वाली गाड़ी संख्या १०४८/२७८० हुबली-मिरज लिंक एक्सप्रेस/ निजामुद्दीन वास्को गोवा एक्सप्रेस १५ जून को रद्द की गई।
५.गाड़ी संख्या ६५०८ बेंगलूरु-जोधपुर एक्सप्रेस को वाया गदग, होटगी, बीजापुर,शोलापुर,पुणे होकर चलाया गया।
६.गाड़ी संख्या ३१२/३११ बेल्लारी-धारवाड़-बेल्लारी सवारी गाड़ी १५ जून को रद्द।
७.गाड़ी संख्या ३११/३५८ धारवाड़-बेल्लारी-धारवाड़-हुबली सवारी गाड़ी हुबली धारवाड़ के बीच आंशिक रूप से रद्द।
८.गाड़ी संख्या १६१९/१६२०हुबली-मिरज-हुबली सवारी गाड़ी हुबली-लौंडा के बीच रद्द।

मार्च 20, 2010

हुबली मंडल ने कमाए २६५५ करोड़

चालू वित्त वर्ष में यात्री भार में १९.०६ प्रतिशत वृद्धि
हुबली, २० मार्च। चालू वित्त वर्ष 2009-10 में फरवरी के अंत में हुबली मंडल की कुल आय २६५५.०१ करोड़ रही और इस अवधि में मंडल ने ३.३० करोड़ यात्री ढ़ोए। जो कि गत वर्ष २.७८ था और इस वर्ष इसमें १९.०६ प्रतिशत की वृद्धि हुई है। दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) के हुबली मंडल के मंडल प्रबंधक आदेश शर्मा ने यह बात कही। वे मंडल की ओर से आयोजित16 वीं मंडल रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति (डीआरयूसीसी) की बैठक में बोल रहे थे। मंडल रेलवे प्रबंधक कार्यालय के सम्मेलन हॉल में आदेश शर्मा की अध्यक्षता में आहूत बैठक में शर्मा ने नवगठित समिति के सदस्यों को बधाई देते हुए मंडल द्वारा यात्रियों के लिए की गई सुविधाओं की जानकारी दी।
नई गाडिय़ों के साथ बढाई ठहराव अवधि: उन्होंने कहा कि गाड़ी संख्या ६५३५ ए व ६५३६ ए यशवंतपुर बीजापुर एक्सपे्रस सप्ताह में चार दिन और सप्ताह में तीन दिन के लिए गाड़ी संख्या६५३५/६५३६यशवंतपुर बीजापुर एक्सपे्रस शुरू कर इन गाडिय़ों का ठहराव अन्निगेरी,होले आलूर,गुलेदगुड्ड रोड,अलमाती व बसवन बागेवाडी रोड स्टेशनों पर तय किया गया है। इसके अतिरिक्त गाड़ी संख्या २७१/२७२ हुबली-तिरुपति-हुबली सवारी गाड़ी की बेल्लारी केंटोनमेंट पर तीस जून तक ठहराव अवधि बढ़ाई गई है। गाड़ी संख्या१४२३/१४२४ सोलापुर-गदग-सोलापुर इंटरसिटी का तडवाल,गाड़ी संख्या३८५/३८६ बागलकोट-सोलापुर-बागलकोट का सुलेरजवलगी,गाड़ी संख्या ३८६ सोलापुर-बीजापुर का चोरगी स्टेशन पर ठहराव ३० जून तक बढ़ा दिया गया है।

यात्री भार कम करने अतिरिक्त कोच: शर्मा ने कहा कि इसी प्रकार गाड़ी संख्या ७४१५/७४१६कोल्हापुर-तिरुपति-हैदराबाद हरिप्रिया एक्सप्रेस का बसवन बागेवाड़ीरोड, गाड़ी संख्या 7307/7308यशवंतपुर-बागलकोट यशवंतपुर बसवा एक्सप्रेस का अलमाती,गाड़ी संख्या 8047/8048 हावड़ा-वास्को हावड़ा अमरावती एक्सप्रेस का धारवाड़ व तोरंगल्लु,गाड़ी संख्या 2629/2630 यशवंतपुर -निजामुद्दीन-यशवंतपुर कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का धारवाड़,गाड़ी संख्या 6531/6532 अजमेर-यशवंतपुर -अजमेर गरीब नवाब एक्सप्रेस का कोप्पल स्टेशन पर 31 मार्च 2010 तक ठहराव बढ़ा दिया गया है।
स्थाई ठहराव अवधि का विस्तार: शर्मा ने बताया कि इसी प्रकार गाड़ी संख्या ०६८५/०६८६यशवंतपुर-शिरडी-यशवंतपुर एक्सप्रेस का कोप्पल स्टेशन पर स्थाई ठहराव कर दिया है। इसके अलावा गाड़ी संख्या ०६९०/०६८९ हुबली-यशवंतपुर-हुबली व गाड़ी संख्या ०७९१/०७९२ हुबली-कोचुवेली एक्सप्रेस की अवधि ३१ मार्च २०१० तक बढा दी गई है। शर्मा ने बताया कि अप्रेल २००९ से फरवरी २०१० तक अलग-अलग गाडिय़ों में यात्री भार को कम करने के लिए ४३९ अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं। डीआरयूसीसी सचिव व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विनायक नायक ने मंडल की शाखा के अधिकारियों व समिति सदस्यों का स्वागत किया। बैठक में विभिन्न संगठनों का प्रतिनिधित्व करने वाले १८ सदस्य उपस्थित थे।
मंडल के स्टशनों का हुआ विकास: शर्मा ने बैठक में कहा कि हुबली मंडल में यात्री सुविधाओं का विस्तार कर स्टेशनों पर कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। हुबली स्टेशन पर नए प्लेटफार्म पर कंक्रीट तल,टच स्क्रीन मशीन व पीआरएस सुविधा मुहैया कराई गई है। धारवाड़ स्टेशन पर भी टच स्क्रीन मशीन व पीआरएस के अलावा मैसूर धारवाड़ व बेंगलूरु इंटरसिटी एक्सप्रेस के लिए नए प्लेटफार्म बनाए गए हैं। साथ ही विविध स्टाल भी आवंटित किए गए हैं। शर्मा ने बताया कि इनके अलावा लोंडा, बेलगाम,वास्को,होसपेट,बेल्लारी,गदग व बीजापुर स्टेशनों पर अनेक सुविधाएं दी गई है। शर्मा ने बताया कि हुबली,बेलगाम,वास्को,होसपेट,बेल्लारी व बीजापुर स्टेशनों पर विशेष सफाई कार्य के अलावा हुबली मंडल की कुछ चलती गाडिय़ों में सफाई व आठ गाडिय़ों में साफ-सुथरे कालीन व बेड रोल दिए जा रहे हैं।

जनवरी 28, 2010

दपरे के नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन


हर्षा कॉम्प्लेक्स स्थित दपरे कार्यालय होंगे स्थानांतरित
हुबली,२८ जनवरी।
गदग रोड पर दक्षिण पश्चिम रेलवे के नव निर्मित प्रशासनिक भवन का उद्घाटन दपरे महाप्रबंधक कुलदीप चतुर्वेदी ने किया। वर्तमान में स्टेशन पर स्थित लक्ष्मी बालकृष्णा स्क्वैयर (हर्षा कॉम्प्लेक्स) में कार्यरत दपरे के कार्यालयों को शीघ्र ही इस नए भवन में स्थानांतरित किया जाएगा।


इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी एस. विजयकुमारन,हुबली मंडल प्रबंधक आदेश शर्मा,दपरे के मुख्य अभियंता डी.जी.दिवाटे,मुख्य यांत्रिक अभियंता आलोक जोहरी, प्रिंसीपल चीफ अभियंता निर्माण,एस.बालकृष्णा,मुख्य सिग्रल व टेलीकॉम अभियंता लक्ष्मी नारायण, मुख्य सुरक्षा आयुक्त एस.सी.सिंहा सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे।

इसके अलावा चतुर्वेदी ने गणतंत्र दिवस के मौके पर क्लब रोड,केश्वापुर स्थित स्पोर्ट्स पैवेलियन का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर दपरे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष कल्पना चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हुबली में दपरे के नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन करते दपरे महाप्रबंधक कुलदीप चतुर्वेदी। साथ में उपस्थित हैं हुबली मंडल प्रबंधक आदेश शर्मा व अन्य।

जनवरी 23, 2010

महीनों से अपडेट नहीं दपरे की आधिकारिक साइट

तबादलों के बावजूद नहीं हटे पुराने अधिकारियों के नाम
धर्मेन्द्र गौड़
हुबली। सूचना प्रौद्योगिकी का गढ़ कहे जाने वाले कर्नाटक में दक्षिण पश्चिम रेलवे जोन की बेवसाइट को देखकर यह कह पाना मुश्किल है कि अद्यतन तकनीक के जमाने में,जहां पल-पल की जानकारी क्षण भर में अपडेट हो जाती है,दपरे इस तकनीक का कितना उपयोग करता है।
अधिकारी नए,नाम पुराने: दपरे की अधिकृत साईट पर आज भी मुख्यालय के उन अधिकारियों के पद नाम दिए गए हैं जिनको या तो जोन में ही किसी अंयंत्र विभाग में भेजा गया है या फिर उनका किसी दूसरे जोन में तबादला हो गया है। दपरे की आधिकारिक साइट पर अनुराग को वरिष्ठ उप महाप्रबंधक (एसडीजीएम) बताया गया है जबकि उनका वाणिज्यिक विभाग में मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक (पब्लिक बिजनेस) पद पर स्थानांतरण कर दिया गया है। मुख्य यांत्रिकी अभियंता (सीएमई) संजीव हांडा का तबादला हुए छह माह हो चुके हैं और उनकी जगह आलोक जोहरी ने कार्य भार ग्रहण भी कर लिया है लेकिन साइट पर जोहरी के बजाय हांडा का नाम ही दिया हुआ है। वित्तीय सलाहकार व मुख्य लेखा अधिकारी राधा वारियार का तबादला हो चुका है और उनकी जगह रामचन्द्रन आ गए हैं लेकिन नाम अभी भी पूर्व अधिकारी का ही दर्ज है।
कई महीनों से नहीं हुई अपडेट: इसके अलावा साइट पर मुख्य इलेक्ट्रिक इंजीनियर के रूप में नवीन टंडन का नाम लिखा है जबकि उनके तबादले के बाद टेम्पे यहां कार्य भार ग्रहण कर चुके हैं। साइट पर दामोदरन को मुख्य सुरक्षा आयुक्त बताया गया है जबकि वर्तमान में कार्यरत मुख्य सुरक्षा आयुक्त एस.सी.सिंहा को कार्यभार ग्रहण किए हुए दस माह बीत चुके हैं। इसके अलावा मुख्य सिग्रल एवं टेलिकॉम इंजीनियर का चेन्नई स्थानांतरण होने के बावजूद साइट पर उनका ही नाम है जबकि उनकी एस.लक्ष्मीनारायण कार्य भार ले चुके हैं। इसी प्रकार रेलवे के मुख्य विभागों में से एक पर्सोनेल विभाग के बारे में जानकारी अद्यतन नहीं की गई है। एन.स्वामीनाथन की जगह मोहन मेनन आ चुके हैं लेकिन साइट पर नाम एन.स्वामीनाथन का चल रहा है। इसके अलावा ऐसे कई अधिकारी है जिनका तबादला हो गया है लेकिन दपरे की साइट की मानें तो अभी वे दपरे जोन में काम कर रहे हैं। दपरे की साइट के अद्यतन नहीं होने के संबंध में एक पाठक द्वारा भेजे गए एक मेल के जवाब में २६ नवम्बर २००९ को दपरे निदेशक (वेबसाइट) की ओर से वापस भेजे गए उत्तर में लिखा गया था कि जल्द ही इसे अपडेट किया जाएगा। बावजूद इसके २२ जनवरी २०१० तक यह साइट अपडेट नहीं थी।

होसपेट-वास्को रेल मार्ग दोहरीकरण से कम होगा यातायात दबाव

होसपेट-वास्को रेल मार्ग दोहरीकरण से कम होगा यातायात दबाव
धर्मेन्द्र गौड़
हुबली।
दक्षिण पश्चिम रेलवे का हुबली मंडल महाराष्ट्र,आन्ध्रप्रदेश,तमिलनाडु व गोवा आदि राज्यों में जाने वाले यात्रियों को सीधे रेल सेवा से जोड़ता है। मिरज से बेंगलूर तक एक लाइन होने के चलते इस मार्ग पर अधिक गाडिय़ों का संचालन संभव नहीं हो पाता है। इस मार्ग पर यात्रियों की सुविधा के लिए अधिक गाडिय़ां चलाने के लिए रेलवे ने दपरे जोन के हुबली मंडल में कुछ मार्गों का दोहरीकरण को हरी झण्डी दी है। हुबली मंडल प्रबंधक आदेश शर्मा ने बताया कि होसपेट-वास्को मार्ग के लगभग तीन सौ किलोमीटर में से ४७ किलोमीटर हिस्से का दोहरीकरण मंडल का निर्माण विभाग कर रहा है और शेष कार्य रेल विकास निगम की ओर से किया जाने वाला है। शर्मा ने बताया कि फिलहाल हुबली से हबसूर के बीच २० किलोमीटर व धारवाड़ से कम्बरगनवी तक २७ किलोमीटर तक का दोहरीकरण कार्य चल रहा है। शर्मा ने बताया कि सिंगल लाइन के बावजूद प्रतिदिन लगभग ९२ गाडिय़ों का संचालन समय पर किया जा रहा है, जो कि मंडल की उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि होसपेट-वास्को रेल मार्ग के शेष भाग का कार्य रेल विकास निगम लिमिटेड करेगा और इस संबंध में बातचीत अंतिम दौर में है। राष्ट्रीय रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्य बाबूलाल जी.जैन ने बताया कि करीबन २००० करोड़ की लागत से इस प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है और इस मार्ग का दोहरीकरण हो जाने के बाद इस टे्रक पर और अधिक गाडिय़ां दौड़ाई जा सकेगी। फिलहाल सिंगल ट्रेक के कारण मालवाहक व सवारी गाडिय़ों के परिचालन में कठिनाई आ रही है। इस क्षेत्र सेे लोह अयस्क का ज्यादा परिवहन होने से लाइन पर यातायात का दबाव बना रहता है। इस मार्ग के पूरा होने के बाद गाडिय़ों की संख्या बढ़ाई जा सकेगी जिससे यात्रियों को सुविधा होगी।

अनूठा होगा हुबली का नया रेलवे स्टेशन भवन


फूड प्लाजा व शॉपिंग मॉल होंगे आकर्षण के केन्द्र
धर्मेन्द्र गौड़
हुबली।
रेलवे को माल भाड़े से मालामाल करने वाले देश भर के पहले पांच मंडलों में शुमार दक्षिण पश्चिम रेलवे जोन के हुबली मंडल का नया तीन मंजिला स्टेशन भवन आगामी वर्ष २०११ में बनकर तैयार हो जाएगा। इस नए व अद्यतन सुविधाओं से युक्त स्टेशन भवन को मंजूरी मिल गई है और निविदा के बाद नवम्बर ०९ में इसका काम भी शुरू हो चुका है। अति आधुनिक वास्तुकला से तैयार हो रहा यह स्टेशन भवन शहर के मुख्य पहचान चिह्नों में से एक होगा। मंडल प्रबंधक आदेश शर्मा ने पत्रिका से बातचीत में बताया कि स्टेशन भवन अपने आप में अनूठा होगा। १८.३ करोड़ की लागत से बनने वाले इस भवन में रेल यात्रियों के लिए वे सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी जो अन्य बड़े शहरों में उपलब्ध हैं। इसमें शॉपिंग मॉल,फूड प्लाजा,प्रतीक्षालय,वीआईपी लॉंज व प्रतीक्षालय, महिला प्रतिक्षालय सहित अन्य सुविधाएं होगी।

पार्किंग पर खर्च होंगे २ करोड़ : शर्मा ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर वाहन पार्किंग की समस्या को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित भवन में इसके लिए खास इंतजाम किए जाएंगे। स्टेशन पर प्रवेश व निकास द्वार को बड़ा किया जाएगा व निकास द्वार गणेशपेट की तरफ होगा। बस, कार व अन्य दुपहिया वाहन पार्किंग के लिए स्टेशन के सामने अधिक स्थान छोड़ा गया है और वाहनों के प्रवेश व निकासी का मार्ग अलग-अलग होगा ताकि वाहन पार्किंग में परेशानी नहीं हो।
छह हजार वर्ग फीट में होगा फूड प्लाजा : उन्होंने बताया कि इस भवन का काम पूरा होने के बाद लोगों को खाद्यान्न संबंधी शिकायत नहीं रहेगी। इस भवन में छह हजार वर्ग फीट क्षेत्रफल में फूड प्लाजा बनाया जाएगा। जिसे बाद में भारतीय रेल खान पान व पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) को संचालन के लिए सौंप दिया जाएगा। इसमें १०० व्यक्तियों के एक साथ बैठकर खाने की व्यवस्था होगी। यहां यात्री गुणवत्तायुक्त व स्वादिष्ट भोजन का आनंद ले सकेंगे।
विकलांगों के लिए होगी सुविधा : शर्मा ने बताया कि नया भवन तैयार होने के बाद शारीरिक रूप से नि:शक्त लोगों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने में दिक्कत नहीं होगी। उनके लिए नए भवन में रेम्प सुविधा होगी जिससे वे आसानी से जा सके। साथ ही सभी शौचालय भी विकलांगों के अनुकूल होंगे। इसके अलावा भवन में १० आरक्षण काउंटर, सामान्य प्रतीक्षालय,महिला प्रतीक्षालय,ऑटोमेटिक टिकट हेंडलिंग मशीन,वीआईपी प्रतीक्षालय भी होगा। इस भवन के पूरा होने के बाद स्टेशन पर दो अतिरिक्त रन थू्र प्लेटफार्म लाइन मिल जाएगी जिससे गाडिय़ों का परिचालन और भी सुगम हो जाएगा।
नए लुक में होगा भवन : उन्होंने बताया कि स्टेशन के मुख्य भवन पर लगभग १३.५ करोड़ रुपए लागत आएगी। इसमें स्टेशन भवन के विद्युतीकरण पर २.२ करोड़ व फर्नीचर निर्माण पर १० लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। स्टेशन पर नई बैंच व कुर्सियां आरामदायक होंगी। साथ ही नए भवन में आरक्षण काउंटर की संख्या वर्तमान काउंटर से ज्यादा कर पुराने काउंटर भी चालू रखे जाएंगे ताकि यात्रियों को टिकट लेने में दिक्कत नहीं हो।

जनवरी 22, 2010

अब गाडिय़ों में स़ुझाव पेटिका

अब गाडिय़ों में स़ुझाव पेटिका

हुबली। रेल यात्रियों को यात्रा के दौरान होने वाली परेशानियों व आने वाली समस्याओं के लिए अब शिकायत दर्ज कराने या सुझाव देने के लिए रेलवे स्टेशन पर जाकर समय की बर्बादी नहीं करनी होगी। अब यात्री यात्रा के दौरान ही अपने सुझाव दे सकते हैं। जी हां,अब दक्षिण पश्चिम रेलवे के हुबली मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए रेल सेवा को बेहतर बनाने की कवायद के तहत मंडल द्वारा संचालित सभी गाडिय़ों के वातानुकूलित डिब्बों व गार्ड कोच में सुझाव पेटी लगाई है।
सभी गाडिय़ों में होगी सुझाव पेटी: रेल यात्रियों को यात्रा के मार्ग में होने वाली परेशानियों की जानकारी वे तत्काल किसी अधिकारी तक नहीं पहुंचा पाते हैं ऐसे में उनकी यात्रा के अनुभवों व शिकायतों को रेलवे अधिकारियों तक भेजना संभव नहीं होता है। रेलवे बोर्ड ने सभी गाडिय़ों के गार्ड डिब्बे में शिकायत या सुझाव पेटिका लगाने का आदेश दिया है जिसके तहत सभी गाडिय़ों के गार्ड डिब्बों में सुझाव पेटी लगाई गई है। इसके अलावा मंडल ने अपने स्तर पर सभी वातानुकूलित डिब्बों में भी सुझाव पेटी लगाई है।
खाने की गुणवत्ता संबंधी शिकायतें ज्यादा: शर्मा ने बताया कि पिछले पंद्रह दिनों से कई शिकायतें मिली हैं जिनमें से ज्यादातर भोजन की गुणवत्ता से संबंधित है। चूंकि खान-पान का जिम्मा आईआरसीटीसी देखती है इसलिए सभी सुझावों व शिकायतों से खान-पान विभाग को अवगत कराया गया है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन हुबली पहुंचने पर गाडिय़ों से संबंधित विभाग के कर्मचारी डिब्बों से पत्र निकाल कर अधिकारियों तक पहुंचाते हैं। जिन पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करते हुए यात्रियों के सुझावों पर अमल किया जाता है।
छमाही में दुर्घटनामुक्त रहा हुबली मंडल

समय पालन में भी आगे
धर्मेन्द्र गौड़
हुबली। देश भर में माल परिवहन से राजस्व संग्रहण में अव्वल ६४ मंडलों में पहले पांच मंडलों में शुमार दक्षिण पश्चिम रेलवे का हुबली मंडल चालू वर्ष की छमाही में दुर्घटना मुक्त रहा है। मंडल प्रबंधक आदेश शर्मा ने विशेष बातचीत में बताया कि मंडल के क्षेत्र से एक्सप्रेस व सवारियों गाडिय़ों सहित लगभग ९२ गाडिय़ां गुजरती है। चालू वर्ष के अप्रेल माह से सितम्बर तक मंडल द्वारा संचालित में एक भी गाड़ी हादसे का शिकार नहीं हुई।

रख-रखाव में सतर्कता जरुरी: उन्होंने कहा कि मंडल द्वारा संचालित गाडिय़ों के रख-रखाव की दिशा में बेहतर प्रयास व सावधानी के चलते यह संभव हो पाया है। मंडल की ओर से रख-रखाव की जाने वाली गाडिय़ों की पिट लाईन में छह घंटों में जांच के साथ मंडल के दायरे में आने वाले रेलवे टे्रक पर कड़ी नजर रखने से दुर्घटनाओं को टालने में मदद मिली है। रेलवे कर्मचारी यात्रियों को बेहतर सुविधा व सुरक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी का परिणाम है कि मंडल में हादसे शून्य के बराबर हैं।
समय पालन में भी आगे: शर्मा ने बताया कि हुबली मंडल दपरे के कुल राजस्व का अस्सी प्रतिशत राजस्व दे रहा है। जिसमें माल भाड़े के रूप में अर्जित आय,यात्री भाड़ा व अन्य स्रोतों से प्राप्त आय शामिल है। उन्होंने बताया कि मंडल द्वारा चलाई जाने वाली गाडिय़ों के संचालन मामले में भी मंडल आगे हैंं और मंडल की गाडिय़ों का लेटलतीफी का ग्राफ कम है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन हुबली से संचालित होने वाली गाडिय़ों का समय पालन का प्रतिशत ९२ है जबकि दपरे के अन्य मंडलों का समय पालन का ग्राफ लगभग ८० फीसदी है।